
रुद्रपुर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने ग्राम फाजलपुर महरौला क्षेत्र का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई सीलिंग वादग्रस्त भूमि पर अवैध कब्जे और बिना अनुमति विद्यालय संचालन की शिकायतों के बाद की गई।
400 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ग्राम फाजलपुर महरौला में डिजिटल ग्लोबल वर्ल्ड स्कूल के मालिक शकील द्वारा लगभग 400 वर्ग मीटर सीलिंग वादग्रस्त भूमि पर बिना स्वामित्व के बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा किया जा रहा था।

इस पर राजस्व विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त भूमि के गेट को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
बिना स्वामित्व के चल रहा था स्कूल संचालन
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्कूल का मूल भवन लगभग 400 वर्ग गज क्षेत्र में निर्मित है, लेकिन इसके लिए न तो भूमि स्वामित्व था और न ही स्वीकृत मानचित्र। इसके बावजूद वर्ष 2025 में मान्यता प्राप्त कर विद्यालय का संचालन किया जा रहा था।
शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह एक दिन के भीतर जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
अन्य अवैध निर्माणों पर भी सख्ती के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को क्षेत्र में चल रहे अन्य अवैध निर्माणों की भी तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि बिना भूमि स्वामित्व और स्वीकृत मानचित्र के किसी भी भवन को विद्युत कनेक्शन न दिया जाए।
कई विभागों की संयुक्त मौजूदगी
इस कार्रवाई के दौरान नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटोला, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा सहित प्राधिकरण और विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।



