
कड़ाके की ठंड को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियानों के अंतर्गत राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने गुरुवार देर सायं रुद्रपुर शहर के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाला जी मंदिर, आदर्श कॉलोनी, रेन बसेरा, बाटा चौक और भगत सिंह चौक समेत कई क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जरूरतमंदों को कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था
निरीक्षण के समय उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने सड़क किनारे जीवनयापन कर रहे जरूरतमंद, निराश्रित और असहाय लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए। साथ ही उन्होंने शहर में स्थापित अलाव की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की, ताकि ठंड से प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
शीतलहर को ध्यान में रखते हुए श्री रुहेला ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौराहों और रेन बसेरों में अलाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाए कि सहायता समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रही सरकार
उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर जरूरतमंद नागरिक की चिंता कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कड़ाके की ठंड के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता से कार्य कर रहे हैं और राहत अभियान लगातार जारी रहेगा।
आमजन से सहयोग की अपील
विनय रुहेला ने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं कोई असहाय व्यक्ति ठंड से प्रभावित दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते मदद उपलब्ध कराई जा सके। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि सर्द मौसम में कोई भी व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे और सभी सुरक्षित रहें।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, तहसीलदार दिनेश कुटोला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



