अडानी ग्रुप और यूएई की IHC मिलकर ओडिशा में लगाएंगे ₹1.08 लाख करोड़ का मेगा एल्युमिनियम प्लांट

गौतम अडानी समूह की लीडिंग कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने ओडिशा में बड़े एल्युमीनियम प्लांट लगाने का ऐलान किया है। इसके लिए कंपनी ने राज्य सरकार के साथ डील भी की है। इस डील में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) भी शामिल है। इसके तहत IHC, अडानी समूह के साथ मिलकर 1.10 लाख करोड़ रुपये की एल्युमीनियम प्रोजेक्ट लगाने वाली है। यह प्रोजेक्ट ओडिशा के इतिहास में सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और भारत के इस क्षेत्र में सबसे बड़ा एफडीआई प्रपोजल है।
ज्वाइंट वेंचर का गठन
इस प्रोजेक्ट के लिए अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और IHC समूह की कंपनी इंटरनेशनल रिसोर्सेज होल्डिंग (आईआरएच) 50:50 के ज्वाइंट वेंचर (जेवी) का गठन करेंगे। अडानी समूह के बयान के अनुसार प्रोजेक्ट में निवेश के लिए दोनों साझेदार ऋण और इक्विटी के माध्यम से पूंजी जुटाएंगे। इस प्रोजेक्ट में प्रतिवर्ष 40 लाख टन क्षमता वाली एल्युमिना रिफाइनरी, 20 लाख टन क्षमता वाला एल्युमीनियम स्मेल्टर, 4000 मेगावाट का खुद के इस्तेमाल वाला पावर प्लांट, 10 लाख टन वार्षिक क्षमता वाला डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग पार्क और इससे जुड़ा इंफ्रा शामिल होगा। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 53,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
क्या कहा मुख्यमंत्री ने?
राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (आईएचसी), इंडस्ट्रियल प्रमोशन एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन ऑफ ओडिशा (आईपीआईसीओएल) के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि प्रोजेक्ट ओडिशा में औद्योगिक विकास, रोजगार और आर्थिक परिवर्तन के लिए अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा, ” यह निवेश ओडिशा को खनन और रिफाइनिंग से लेकर स्मेल्टिंग, डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग तक एल्युमीनियम प्राइस चेन विकसित करने में सक्षम बनाएगा।”
इस अवसर पर आईएचसी के सीईओ सैयद बसर शुएब ने कहा, ”आईआरएच के माध्यम से हम इंटीग्रेटेड खनन और खनिज कारोबार विकसित कर रहे हैं। हम महत्वपूर्ण खनिजों में निवेश कर औद्योगिक विकास को समर्थन देने, सप्लाई चेन को मजबूत बनाने और स्वच्छ ऊर्जा बदलाव को गति देने की दिशा में काम कर रहे हैं।”
अडानी समूह ने क्या कहा?
इस मौके पर अडानी समूह की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) के प्रबंध निदेशक और अडानी सीमेंट के निदेशक करण अदाणी ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना ओडिशा को लॉन्ग टर्म के मैन्युफैक्चरिंग सेंटर के रूप में लेकर कंपनी के भरोसे को दिखाता है। उन्होंने कहा, ” अडानी और आईएचसी समूह के बीच प्रस्तावित ज्वाइंट वेंचर हमारी साझेदारी को और मजबूत करेगा। ओडिशा सरकार के साथ मिलकर हम ऐसा एल्युमीनियम प्रोजेक्ट विकसित करेंगे जो रोजगार सृजित करेगा और भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्धा क्षमता को मजबूत बनाएगा।”


