
गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में बुधवार को चमोली जिले को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन सहित सभी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चमोली जिला धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार जिले के समग्र और संतुलित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
प्रमुख विकास योजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग पर स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मार्ग पर 78 मीटर लंबे लोहे के पुल का निर्माण, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा नंदानगर क्षेत्र की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी कई परियोजनाएं, मॉडल पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, डायट गौचर का अनुरक्षण, विद्यालय भवन निर्माण, पार्किंग निर्माण और विभिन्न स्टील गर्डर पुलों की योजनाएं भी शामिल हैं।
27 योजनाओं का किया गया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, गैरसैंण में इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य, जिला चिकित्सालय चमोली और बीपीएचयू पोखरी में नए भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना शामिल है।
इसके साथ ही गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज तथा कई सड़क उन्नयन परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।
सुविधाओं के विस्तार से मजबूत होगा चमोली का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास योजनाओं के पूरा होने से चमोली जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और अन्य क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



