
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर क्षेत्र के छह राजकीय विद्यालयों के परिसरों की भूमि को विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन के नाम हस्तांतरित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से लंबे समय से भूमि अभिलेखों में नाम न होने के कारण प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना कर रहे विद्यालयों को बड़ी राहत मिलेगी।
सरकारी स्कूलों के कायाकल्प और बुनियादी ढांचे में मजबूती
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का कार्य कर रही है। इसी दिशा में जनपद चम्पावत की तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) में संचालित छह विद्यालयों की भूमि राज्य सरकार से विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन के नाम हस्तांतरित की गई है।
आवंटित भूमि का विवरण
शासनादेश के अनुसार प्रत्येक विद्यालय को आवंटित भूमि इस प्रकार है:
-
राजकीय प्राथमिक विद्यालय नायकखेड़ा: 0.0632 हेक्टेयर
-
राजकीय प्राथमिक विद्यालय टनकपुर (वार्ड नंबर-3): 0.018 हेक्टेयर
-
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पचपकरिया: 0.0408 हेक्टेयर
-
राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरमदेव: 0.252 हेक्टेयर
-
राजकीय प्राथमिक विद्यालय छीनीगोठ: 0.0948 हेक्टेयर
-
राजकीय प्राथमिक विद्यालय टनकपुर (वार्ड नंबर-10): 0.0613 हेक्टेयर
शिक्षा व्यवस्था को मजबूती और बच्चों के लिए बेहतर माहौल
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के इस निर्णय से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, भवन निर्माण, खेल मैदान और अन्य आवश्यक ढांचागत कार्यों को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा के स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।



