
सितारगंज क्षेत्र के रतनफार्म (शक्तिफार्म) स्थित नेताजी सरस्वती शिशु मंदिर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव बड़े उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर समारोह की गरिमा बढ़ाई।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सौरभ बहुगुणा, समाजसेवी जगदीश डालमिया तथा नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। मंच पर उपस्थित अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार की प्रशंसा की।
शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला: सौरभ बहुगुणा
मुख्य अतिथि सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित शिशु मंदिर विद्यालय बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और ऐसे संस्थान संस्कार व शिक्षा का संतुलित वातावरण प्रदान करते हैं।
विद्यालय को मिला स्मार्ट फर्नीचर का सहयोग
विशिष्ट अतिथि लाओपाला कंपनी के जीएम दुर्गेश मोहन गोयल ने बताया कि पूर्व में विद्यालय की पांच कक्षाओं के लिए स्मार्ट फर्नीचर उपलब्ध कराया गया था। उन्होंने आगामी सत्र में पांच और कक्षाओं के लिए आधुनिक फर्नीचर देने की घोषणा कर विद्यालय को और सुदृढ़ बनाने का आश्वासन दिया।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मनोज जोशी, विद्यालय अध्यक्ष शीतल सिंघल, प्रबंधक महेश मित्तल, ग्राम प्रधान राजनगर संगीता दे, ग्राम प्रधान अरविंदनगर दीपा घरामी, ग्राम प्रधान निर्मलनगर नमिता मंडल, प्रधानाचार्य निताई मंडल, प्रकाश मंडल, मयंक अग्रवाल, सुधीर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



