
रूद्रपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी देवेश शाशनी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों पर चर्चा हुई।
शैक्षणिक और अनुशासनात्मक प्रगति
प्रधानाचार्य ने बैठक में बताया कि विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। अनुशासनात्मक वातावरण और नवाचार आधारित शिक्षण प्रयासों की समिति द्वारा सराहना की गई। प्रधानाचार्य ने विद्यालय की भूमि का स्थाई हस्तांतरण कराने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सुरक्षा एवं स्वच्छता उपाय
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए। इसके साथ ही विद्यालय गेट और वॉउंड्री वॉल के पास सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि कचरा फेंकने वालों को चिन्हित कर कार्यवाही की जा सके।
सुविधाओं और तकनीकी सुधार
प्रधानाचार्य ने बताया कि उरेडा विभाग द्वारा भोजनालय और छात्रावास में गरम पानी के लिए स्थापित सोलर गीजर कुछ समय से खराब है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने परियोजना अधिकारी उरेडा को सोलर गीजर का परीक्षण कर मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-समय पर चिकित्सकों की टीम भेजकर छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण और दवाई वितरण करने की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रतियोगी परीक्षाओं और शैक्षणिक सहायता
मुख्य विकास अधिकारी ने जेईई/नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने, विद्यालय में तीन आरओ वाटर प्यूरीफायर लगाने और गैस पाइपलाइन सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय परिवार को प्रेरित करते हुए कहा कि बेहतर शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तर पर सहयोग प्रदान किया जाएगा।
सांसद प्रतिनिधि की पहल
सांसद प्रतिनिधि अभिनव चौधरी ने विद्यालय को नई रोटी मेकिंग मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिससे भोजन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। बैठक में उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण निर्माण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु समन्वित प्रयासों पर बल दिया।
बैठक में उपस्थित सदस्य
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, प्रधानाचार्य कंचन जोशी, एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह, परियोजना अधिकारी उरेडा संदीप सैनी, उप प्राचार्य पी.के. विद्यार्थी, रमेश चंद्र गौर, मोहन चंद्र सुयाल, कृष्ण पाल, अनुराग शर्मा और संजीव सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



