
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के तहत देहरादून स्थित परेड ग्राउंड के मल्टीपरपज हॉल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए युवाओं की बड़ी भागीदारी रही और पूरे आयोजन में उत्साह व प्रेरणा का वातावरण बना रहा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवक और महिला मंगल दल सम्मानित
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले युवक मंगल दल और महिला मंगल दलों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रासंगिक: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों और कार्यों से युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और युवाओं को आत्मविश्वास, सेवा भावना और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
युवा ही प्रदेश और देश की सबसे बड़ी ताकत: रेखा आर्या
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि किसी भी राज्य और देश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति उसके युवा होते हैं। यदि युवाओं को सही दिशा, अवसर और मार्गदर्शन मिले तो प्रगति को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति उत्तराखंड की धड़कन है, जो प्रदेश में ऊर्जा और चेतना का संचार करती है। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित होकर यदि युवा अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ बनें, तो वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प अवश्य साकार होगा।
युवक और महिला मंगल दलों को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चयनित तीन युवक मंगल दल और तीन महिला मंगल दलों को सम्मानित किया गया। युवक मंगल दलों में मोख मल्ला (चमोली) ने प्रथम, सुंदरपुर रैक्वाल (नैनीताल) ने द्वितीय और चौड़ीराय लोहाघाट (चंपावत) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला मंगल दलों में धापला (नैनीताल) प्रथम, सेमा (चमोली) द्वितीय और बनाली (टिहरी गढ़वाल) तृतीय स्थान पर रहीं।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता युवाओं को भी मिला सम्मान
एनएसएस के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता आलोक कुमार पांडे और आयुष वर्मा के साथ ही राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त करने वाले युवाओं को भी मंच से सम्मानित किया गया। इनमें प्रदीप महरा और अजय ओली (पिथौरागढ़), गुरदीप सिंह राणा और जगतार सिंह बाजवा (उधम सिंह नगर), गीता बगासी (चमोली), रमन रावत (पौड़ी गढ़वाल), स्वराज विद्वान और दिनेश सिंह रावत (उत्तरकाशी) तथा गुरमेल सिंह (देहरादून) शामिल रहे।
रील प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित रील प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में वैभव शाह ने प्रथम, सचिन कुमार सिंह ने द्वितीय और शिव कैलाश सेमवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
जनप्रतिनिधियों और युवाओं की रही विशेष उपस्थिति
समारोह में राजपुर विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।



