उत्तराखंडराज्य

जनपद स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक में जाति प्रमाण पत्र मामलों की सुनवाई

रूद्रपुर स्थित जिला सभागार में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राप्त प्रकरणों पर विस्तार से सुनवाई की गई। जाति प्रमाण पत्र से जुड़े कुल 9 मामलों में सुनवाई करते हुए कुछ प्रकरणों में संबंधित पक्षों को अंतिम अवसर प्रदान किया गया, जबकि शेष मामलों में निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर आदेश पारित करने के निर्देश दिए गए।

गलत प्रमाण पत्रों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गलत अभिलेखों अथवा कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से प्रमाण पत्र बनवाने वालों और ऐसे प्रमाण पत्र जारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि कोई भी व्यक्ति गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर प्रमाण पत्र बनवाने का प्रयास न करे।

पिछले पांच वर्षों के प्रमाण पत्रों की हो रही जांच
उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में बीते पांच वर्षों में निर्गत जाति प्रमाण पत्रों की गहन जांच की जा रही है। इसी क्रम में स्क्रूटनी कमेटी द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित पक्षकारों एवं शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए गए।

अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, ऋचा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, तहसीलदार किच्छा गिरीश त्रिपाठी, पटल प्रभारी सचिन काला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उप जिलाधिकारी बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा और तहसीलदार लीना भट्ट वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button