उत्तराखंडराज्य

मुख्य सचिव ने गोल्ज्यू व बालेश्वर मंदिरों में विकास कार्यों की समीक्षा की

चम्पावत। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को चम्पावत स्थित ऐतिहासिक गोल्ज्यू मंदिर और प्राचीन बालेश्वर मंदिर पहुंचकर दर्शन किए तथा दोनों ही स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन धार्मिक धरोहरों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण चम्पावत जिले में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा।

गोल्ज्यू मंदिर परिसर में मुख्य सचिव ने प्रस्तावित गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता लोनिवो मोहन पलड़िया ने सभी घटकों, संरचनाओं और कार्ययोजना की प्रस्तुति दी। मुख्य सचिव ने परिसर का स्वयं भ्रमण कर प्रस्तावित निर्माण, सौंदर्यकरण एवं सुगमता बढ़ाने वाले कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कॉरिडोर के सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएँ। उन्होंने कहा कि परियोजना से तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी और क्षेत्र में रोजगार व आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी।

इसके बाद मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बालेश्वर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर, नौले और आसपास के क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण की आवश्यकताओं का अवलोकन किया और पुरातत्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए कार्य कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि गोल्ज्यू मंदिर और बालेश्वर मंदिर जिले की सांस्कृतिक आस्था और लोक परंपराओं के प्रमुख केंद्र हैं। इन धरोहरों के संरक्षण और बेहतर सुविधाओं का विकास चम्पावत में धार्मिक पर्यटन की संभावनाएँ और अधिक मजबूत करेगा।

निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button