उत्तराखंडराज्य

गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारा साहिब में की श्रद्धा अर्पित

देहरादून। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें बलिदान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की। मुख्वोयमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक कर अरदास की और शबद कीर्तन के बीच नतमस्तक होकर मौन साधना में बैठ गए।

कार्यक्रम के पश्चात गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान मोमेंटो भेंट कर किया। मुख्यमंत्री ने संगत के बीच स्वयं लंगर सेवा भी की और श्रद्धालुओं से आत्मीय वार्ता की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धर्म, मानवता और मूल्यों की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वालों में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब का स्थान अद्वितीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को आपसी एकता और सामाजिक समरसता के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्री हेमकुंड साहिब जाने के लिए गोविंदघाट–हेमकुंड साहिब रोपवे का निर्माण तेज गति से किया जा रहा है, जिससे सिख श्रद्धालुओं की यात्रा और सुगम हो जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों से संबंधित सभी योजनाओं व लाभ सिख समाज तक पहुंचाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष बलवीर सिंह साहनी, सचिव राजिंदर पाल सिंह चंडोक, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में संगत और गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button