
मुख्य सचिव, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून द्वारा निर्गत पत्र संख्या 3638/USDMA/ दिनांक 9 अक्टूबर 2025 के निर्देशानुसार 15 नवंबर 2025 को भूकंप मॉक अभ्यास का आयोजन उधम सिंह नगर जिले में किया गया। उत्तराखंड राज्य भूकंपीय जोन IV एवं V में स्थित है, जहाँ पूर्व में भी भूकंप की अनेक घटनाएँ हो चुकी हैं और जन–धन की भारी हानि होती रही है। इसी के दृष्टिगत विभिन्न स्थानों पर मॉक अभ्यास कर तैयारियों का आकलन किया गया।

जसपुर क्षेत्र : सब्जी मंडी, पावर प्लांट और औद्योगिक इकाइयों में मॉक ड्रिल
जसपुर सब्जी मंडी मार्केट में रेस्क्यू ऑपरेशन
सुबह 9:50 बजे भूकंप के झटके महसूस किए जाने की स्थिति में जसपुर सब्जी मंडी में शॉर्ट सर्किट के कारण 10 लोग घायल होने की सूचना मिली। इनमें से चार को प्राथमिक उपचार दिया गया और छह गंभीर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर में भर्ती कराया गया। साथ ही विद्युत पावर प्लांट में आग लगने की सूचना पर रेस्क्यू टीम ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया और व्यवस्था संभाली।

इंडियन ग्लाइकोल लिमिटेड काशीपुर : खतरनाक गैस का रिसाव
जसपुर के बाद इंडियन ग्लाइकोल लिमिटेड काशीपुर, जो कि एक मेजर हैज़ार्डियस इंडस्ट्री है, में भूकंप के झटकों के बाद एथिल ऑक्साइड गैस का रिसाव हुआ। एक भवन क्षतिग्रस्त हो गया तथा चार लोग प्रभावित पाए गए। सूचना मिलते ही NDRF, फायर सर्विस, मेडिकल टीम और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची और इंडस्ट्री की सेफ्टी टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू कार्य किया।

रुद्रपुर : अस्पताल और मॉल में बचाव अभ्यास
जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय में बचाव कार्य
रुद्रपुर के जिला चिकित्सालय में पुराने भवन में भूकंप के झटके से 8 लोग फंस गए और 2 घायल हुए। पुलिस लाइन स्थित स्टेजिंग एरिया से NDRF और मेडिकल टीमें तुरंत साइट पर पहुँचीं और घायलों को पंडित राम सुमेर शुक्ला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

बिग बाज़ार मॉल में भीषण अफरा-तफरी में रेस्क्यू
मॉल में भूकंप के दौरान लगभग 100 लोग मौजूद थे। भय के माहौल में कुछ लोग अंदर फंस गए। जिला प्रशासन, फायर टीम, NDRF और अन्य खोज-बचाव दलों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का सफल अभियान चलाया।
सितारगंज : डैम में दरार, गैस रिसाव और औद्योगिक इकाइयों में अफरा-तफरी
बेगुल डैम में दरार के बाद बचाव अभियान
बेगुल डैम में भूकंप के कारण दरार आने और पानी रिसाव की सूचना पर स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित गांवों में राहत कार्य संचालित किया। यहाँ 6 लोगों को रेस्क्यू कर 4 को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। साथ ही मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया। सभी को उपचार के बाद राहत केंद्र में रखा गया।
HPCL एलपीजी प्लांट में गैस रिसाव
सितारगंज स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड के एलपीजी प्लांट में गैस रिसाव से 10 लोग बेहोश हो गए। सेफ्टी टीम, जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने सभी को सुरक्षित कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। गैस रिसाव बंद करने के दौरान आग लगने की घटना में 5 लोग झुलस गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
IOCL प्लांट में भगदड़
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड प्लांट में अचानक 50–60 लोग गेट पर एकत्रित हो गए, जिससे गेट ब्लॉक हो गया और बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। स्थानीय पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया, और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
खटीमा : कॉलेज भवन आंशिक क्षतिग्रस्त, छात्रों का रेस्क्यू
हेमवती नंदन बहुगुणा डिग्री कॉलेज मॉक ड्रिल
खटीमा स्थित डिग्री कॉलेज में बिल्डिंग के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की स्थिति का सिमुलेशन किया गया। यहाँ छात्रों को सुरक्षित निकालने और आपदा प्रबंधन प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया।
मॉक अभ्यास का समापन और प्रशासनिक उपस्थिति
यह विस्तृत मॉक अभ्यास सुबह 9:50 बजे प्रारंभ होकर 11:10 बजे पूर्ण हुआ। इस दौरान पुलिस, होमगार्ड, युवा कल्याण टीम, NDRF, SDRF, अग्निशमन दल, आपदा मित्र, NCC, NSS सहित सभी टीमें सक्रिय रहीं।
अभ्यास के दौरान इंसिडेंट कमांडर का दायित्व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री कौस्तुभ मिश्रा ने संभाला।
साथ ही उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला कमांडेंट होमगार्ड जी.के. भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नवीन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस सम्पूर्ण मॉक अभ्यास की मॉनिटरिंग वेबलिंक के माध्यम से मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन, सचिव USDMA विनोद कुमार सुमन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आनंद स्वरूप, DIG ACO ऑप्स श्री राजकुमार नेगी आदि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई।



