
रुद्रपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के दिशा-निर्देशानुसार बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) वेयरहाउस का त्रैमासिक भौतिक निरीक्षण किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने भारत निर्वाचन आयोग के तय मानकों के अनुसार यह कार्रवाई पूरी की।
कड़े सुरक्षा निर्देश और व्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अग्निशमन उपकरणों तथा परिसर की साफ-सफाई व रख-रखाव का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने तैनात सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत ईवीएम वेयरहाउस की अभेद्य सुरक्षा और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राजनीतिक दलों की मौजूदगी में जांच
प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सील और लॉकिंग व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी से गजेंद्र सिंह तथा कांग्रेस से ललित बिष्ट विशेष रूप से मौजूद रहे।



