
रुद्रपुर। जिलेभर में हुई भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जसपुर, बाजपुर और गदरपुर में जलभराव की सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही राहत सामग्री और भोजन की व्यवस्था की।

जसपुर में फीका नदी में फंसे दो बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू
जसपुर के ग्राम हजीरों में फीका नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से विद्यालय जा रहे दो बच्चे नदी पार नहीं कर सके और बीच में फंस गए। सूचना मिलते ही राजस्व एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए बच्चों की पहचान 14 वर्षीय निमरत कौर और 15 वर्षीय अवतार सिंह के रूप में हुई है। दोनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल जसपुर क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

बाजपुर में लेवड़ा नदी का पानी 300 घरों में घुसा
तहसील बाजपुर के चकरपुर क्षेत्र में लेवड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के रिहाइशी इलाकों में पानी भर गया। इंदिरा कॉलोनी, खमरिया, यादव कॉलोनी, झारखंडी और गोबरा क्षेत्र में जलभराव के कारण करीब 300 आवासीय घर प्रभावित हुए हैं।
प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जल निकासी के लिए जेसीबी मशीन सहित अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और खाद्य सामग्री की व्यवस्था भी की गई है। अपर जिलाधिकारी ने राजस्व टीम को प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

गूलरभोज में घुटनों तक भरा पानी, 40 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
लगातार बारिश के कारण तहसील गदरपुर के गूलरभोज क्षेत्र के वार्ड संख्या 01, 04, 05, 06 और 07 में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भरने से लोगों के घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।
उप जिलाधिकारी गदरपुर ने राजस्व टीम के साथ जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। करीब 40 परिवारों के 100 से 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया है। प्रभावित लोगों के लिए नगर पंचायत गूलरभोज और जनसमुदाय भवन में ठहरने की व्यवस्था की गई है। उनके लिए भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी, स्थिति नियंत्रण में
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
राजस्व उपनिरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी जाए, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।



