उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने बढ़ाया मदद का हाथ, लोहियाहेड के टिक्की विक्रेता के बेटे का होगा मुफ्त इलाज

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड निवासी टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के आठ वर्षीय बेटे देव के इलाज की जिम्मेदारी उठाने की पहल की है। बच्चे के हाथ-पैर बचपन से ही काम नहीं करते हैं और उसका लंबे समय से उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रवि शर्मा के घर पहुंचकर बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

दरअसल, गत दिवस मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहियाहेड स्थित रवि शर्मा की दुकान पर टिक्की खाने पहुंचे थे। इस दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने आठ वर्षीय बेटे देव की बीमारी के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही बीमारी से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। परिवार की ओर से उसका लगातार उपचार कराया जा रहा है। देहरादून के इंद्रेश चिकित्सालय में भी बच्चे का उपचार कराया जा चुका है।

बच्चे की परेशानी की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने उसके बेहतर उपचार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पर पहुंची।

चिकित्सकों ने बच्चे का किया स्वास्थ्य परीक्षण

आवास पर ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एचएस ऐरी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने बच्चे के पूर्व उपचार से संबंधित दस्तावेजों और मेडिकल हिस्ट्री की भी जानकारी ली, ताकि उसकी स्थिति का सही आकलन किया जा सके।

जांच के बाद चिकित्सकों ने सबसे पहले बच्चे का एमआरआई कराने की सलाह दी। एमआरआई रिपोर्ट आने के बाद ही आगे के उपचार की दिशा तय की जाएगी।

प्रशासन उपलब्ध कराएगा वाहन और सहायक

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मौके पर ही बच्चे का एमआरआई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और सहायक उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और उसके इलाज के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद परिवार को उम्मीद जगी है कि देव को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button