
रुद्रपुर। बारावफात के जुलूस के दौरान कथित रूप से भड़काऊ एवं उकसाऊ भाषण देने के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को बारावफात पर्व के उपरांत सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था। वीडियो में रुद्रपुर के त्रिशूल चौक के पास बारावफात जुलूस के दौरान खुले वाहन में बैठकर धर्मगुरु मौलाना मुफ्ती मुजीब अहमद द्वारा कथित रूप से भड़काऊ एवं उकसाऊ भाषण दिए जाने की बात सामने आई।
वीडियो सामने आने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, प्रसारित वीडियो और प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रथम दृष्टया उक्त भाषण से विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य एवं सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए कोतवाली रुद्रपुर में धारा 196(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान साक्ष्यों के संकलन एवं परीक्षण के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध धारा 152(2) BNS के तहत भी अपराध कारित किया जाना पाया गया। इसके बाद अभियोग में उक्त धारा की बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रभावी विवेचना करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उच्चाधिकारियों के आदेश के अनुपालन में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त मुफ्ती मुजीब अहमद पुत्र जमील अहमद, प्रधानाचार्य, खेड़ा मदरसा, मूल निवासी पर्वतपुर, थाना टांडा, जनपद रामपुर को शनिवार, 29 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने की शांति बनाए रखने की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जनपदवासियों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी भी धर्म, समुदाय अथवा वर्ग की भावनाओं को आहत करने वाले भड़काऊ वक्तव्यों, अफवाहों या आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को प्रसारित एवं साझा करने से बचने को कहा है।
उन्होंने अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक अथवा भड़काऊ सामग्री पर बिना सत्यापन विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस द्वारा निष्पक्ष एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस ने भी सभी नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही संदिग्ध, भड़काऊ अथवा कानून-विरोधी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया है।



