उत्तराखंडराज्य

सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की वारदातों में 7 आरोपी गिरफ्तार

सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एक मामले में चार आरोपी बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी की योजना बनाते पकड़े गए, जबकि दूसरे मामले में भैंस चोरी कर वाहन से ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

बंद फैक्ट्री में चोरी की साजिश, चार आरोपी गिरफ्तार

रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली सितारगंज पुलिस ने केआरई इंजीनियरिंग कंपनी, सिडकुल के पास स्थित एक खंडहरनुमा बंद फैक्ट्री में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, यहां चार संदिग्ध व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे थे।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो धारदार रामपुरी चाकू, दो आलानकब, बीड़ी का बंडल, माचिस, टॉर्च और चाबियों का गुच्छा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी करने की योजना बनाए जाने की बात स्वीकार की। बरामदगी के संबंध में कोतवाली सितारगंज में धारा 313 बीएनएस और धारा 25(1-ख) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. गोपाल विश्वास पुत्र जगदीश विश्वास, निवासी टैगोर नंबर-04, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, उम्र 36 वर्ष।
  2. टोनी मंडल उर्फ गौतम पुत्र खगेन मंडल, निवासी वार्ड नंबर-07, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, उम्र 35 वर्ष।
  3. मंतोष मंडल पुत्र मनोरंजन मंडल, निवासी ग्राम बैकुण्ठपुर नंबर-01, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, उम्र 27 वर्ष।
  4. निमई विश्वास पुत्र रविन्द्र विश्वास, निवासी बैकुण्ठपुर नंबर-01, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, उम्र 27 वर्ष।

भैंस चोरी कर छोटा हाथी वाहन से ले जा रहे तीन आरोपी पकड़े

दूसरे मामले में बीती 28 अगस्त को चौमेला निवासी जलीस अहमद पुत्र शकील अहमद ने पुलिस को अपनी भैंस चोरी होने की सूचना दी थी। भैंस की तलाश के दौरान नकुलिया-सितारगंज रोड पर शुक्ला फार्म के पास कुछ लोगों ने तीन व्यक्तियों को भैंस को छोटा हाथी वाहन संख्या UK04CB-0504 में लादकर ले जाते देखा। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौकी सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने भैंस चोरी कर वाहन से ले जाने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई भैंस को बेचने के बाद मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की योजना थी।

पूछताछ के दौरान पुलिस को एक अन्य व्यक्ति दानिश कुरैशी के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, दानिश ने भैंस चोरी करने के लिए आरोपियों को लालच दिया था और घटना के बाद मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई भैंस और घटना में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन भी बरामद कर लिया है।

भैंस चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी

  1. अयान अली पुत्र रिहासत, निवासी वार्ड नंबर-06, सितारगंज, उम्र 20 वर्ष।
  2. साजिम पुत्र रहीम शाह, निवासी बघौरी, थाना सितारगंज, उम्र 25 वर्ष।
  3. अयान पुत्र अशफाक हुसैन, निवासी इस्लामनगर, वार्ड नंबर-03, सितारगंज।

पुलिस टीम में ये अधिकारी और कर्मचारी रहे शामिल

दोनों मामलों में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उप निरीक्षक जगदीश चन्द्र तिवारी, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल कुन्दन सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह और कांस्टेबल कमल गहतोड़ी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button