उत्तराखंडराज्य

10 सितंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती

रुद्रपुर। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती आगामी 10 सितंबर को जिलेभर में धूमधाम से मनाई जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने अधिकारियों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।

पं. पंत के आदर्शों पर चलने का आह्वान

अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने देश, प्रदेश और समाज के उत्थान में अविस्मरणीय योगदान दिया। उनके उच्च आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर हमें देश और प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी विद्यालयों में विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की स्वयं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरकारी कार्यालयों और प्रतिमा स्थलों पर होंगे कार्यक्रम

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 10 सितंबर को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, तहसीलों और विकासखंडों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र एवं प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाए।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और नगर निकाय अधिकारियों को पंत पार्क तथा पंडित पंत की प्रतिमा स्थलों पर समय से साफ-सफाई, रंग-रोगन और चूना छिड़काव की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय स्तर पर आयोजन समिति के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा, ताकि आयोजन भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

यातायात और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था के निर्देश

अपर जिलाधिकारी ने कार्यक्रमों और प्रभात फेरी के दौरान सुगम आवागमन के लिए पुलिस विभाग को सुदृढ़ यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा अधिशासी अभियंता विद्युत एवं जल संस्थान को सभी कार्यक्रम स्थलों पर निर्बाध विद्युत और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में मुख्य संयोजक ललित भट्ट, संयोजक रामप्रकाश गुप्ता, कार्तिक राय, मोहित वर्मा, ललित तिवारी, हिमांशु सरकार, सचिन गुप्ता, संतोष गुप्ता, सह संयोजक सुभाष खुराना, प्रदेश समन्वयक राजेश कुमार, हरिश्चंद पंत, कमल किशोर उपाध्याय, पीयूष पंत सहित एसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा तथा अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button