
देहरादून। अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मंगलवार को मसूरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के बनाए जा रहे दो प्लेटफार्म को सील कर दिया। मौके पर निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित नियमों के विपरीत पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
लोहे के चैनलों से बनाए जा रहे थे प्लेटफार्म
एमडीडीए के अनुसार, मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर से आगे मसूरी क्षेत्र में भूस्वामी हेमंत कुमार की ओर से बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान लोहे के चैनलों की मदद से दो प्लेटफार्म बनाए जाने का काम सामने आया।
प्राधिकरण ने भूस्वामी को नियमानुसार कार्रवाई के लिए निर्देशित करते हुए अपना पक्ष प्रस्तुत करने को कहा था। हालांकि, उनकी ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद एमडीडीए की टीम ने दोनों प्लेटफार्म को सील कर दिया।
बिना अनुमति निर्माण पर सख्त रुख
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किसी भी तरह का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास और निर्धारित भवन मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निर्माण से पहले अनुमति लेने की अपील
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की टीमें क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही हैं। बिना स्वीकृत मानचित्र या आवश्यक अनुमति के किए जा रहे निर्माण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य कराएं।



