उत्तराखंडराज्य

शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की 82वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

देहरादून। आजाद हिंद फौज के वीर सैनिक शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की 82वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गढ़ी कैंट स्थित शहीद मेजर दुर्गा मल्ल पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य नेपाली भाषा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गोर्खाली समुदाय के लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ज्योति कोटिया और विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री कैप्टन शमशेर सिंह बिष्ट सहित गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, नेपाली भाषा समिति के अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा, इंजीनियर मेग बहादुर थापा, राजेंद्र मल्ल, शैलेंद्र मल्ल, पार्षद सोमेंद्र बोहरा और पूर्व डीएफओ इंद्रेश उपाध्याय समेत अन्य गणमान्य लोगों ने मेजर दुर्गा मल्ल को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलित कर देश की आजादी के लिए उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया।

साइकिल रैली के जरिए युवाओं को किया जागरूक

श्रद्धांजलि कार्यक्रम से पहले सुबह 6:30 बजे गांधी पार्क से शहीद मेजर दुर्गा मल्ल पार्क, गढ़ी कैंट तक साइकिल रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को मेजर दुर्गा मल्ल के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के बारे में जानकारी देना था।

आजाद हिंद फौज में शामिल होकर निभाई अहम भूमिका

मेजर दुर्गा मल्ल का जन्म एक जुलाई 1913 को डोईवाला के निकट हुआ था। वर्ष 1931 में 18 वर्ष की आयु में उन्होंने 2/1 गोरखा राइफल्स में भर्ती होकर सैन्य सेवा शुरू की। बाद में वे नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व वाली आजाद हिंद फौज में शामिल हो गए, जहां उन्हें मेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

आजाद हिंद फौज की गुप्तचर शाखा में कार्य करते हुए मार्च 1944 में अंग्रेजी सेना ने उन्हें मणिपुर के उखरूल क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया। अंग्रेजी हुकूमत ने उन पर माफी मांगने का दबाव बनाया, लेकिन उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता करने से इनकार कर दिया। अंततः 25 अगस्त 1944 को उन्हें फांसी दे दी गई। उनका बलिदान आज भी देशवासियों और विशेष रूप से गोर्खाली समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कलाकारों ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां

समारोह के दौरान कौसेली सांगितिक ग्रुप और संगीत प्रेमी परिवार के कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। संकल्प पंथ ने कविता पाठ किया, जबकि महेश भूषाल ने मेजर दुर्गा मल्ल के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

समाजसेवियों और आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में नायब सुबेदार दुर्गा बहादुर थापा और भाषा आंदोलन सेनानी राकेश उपाध्याय को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव श्याम राना और उपाध्यक्ष पूजा सुब्बा चंद ने किया।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण बराल, कार्यक्रम अध्यक्ष राजेंद्र मल्ल समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने शहीद मेजर दुर्गा मल्ल के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और देशभक्ति की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button