
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में राजस्व विभाग एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और साफ-सफाई में लापरवाही के मामले सामने आए। टीम ने मौके से मिलावटी खोया और मिठाइयां बरामद कर उन्हें नष्ट कराया तथा कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए।
उत्तराखंड स्वीट्स से 50 किलो खोया और छैना की मिठाइयां नष्ट
संयुक्त टीम ने सबसे पहले उत्तराखंड स्वीट्स पर छापेमारी की। जांच के दौरान कीड़े-मकोड़ों से युक्त करीब 50 किलो खोया और छैना से बनी मिठाइयां पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।

इसके साथ ही खोये का सैंपल लिया गया और दुकान में गंदगी पाए जाने पर चालान की कार्रवाई भी की गई।
कुलदीप गुप्ता स्वीट्स में नकली मावा मिलने का दावा
इसके बाद टीम ने कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पर जांच की। यहां मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार किए गए कथित नकली मावे तथा उससे बनी मिठाइयां बरामद की गईं।
प्रशासन के अनुसार, दुकान संचालक ने टीम के सामने मिल्क पाउडर और रिफाइंड से मावा तैयार किए जाने की बात स्वीकार की। जांच के दौरान दुकान से 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और 1.5 कुंतल केक लॉज पाए गए।
दुकान संचालक ने स्वयं नष्ट कराया खाद्य पदार्थ
अधिकारियों के मुताबिक दुकान संचालक ने बरामद खाद्य पदार्थों को स्वयं नष्ट करने की सहमति दी। इसके बाद टीम ने आवश्यक सैंपलिंग की और दुकान संचालक की मौजूदगी में तैयार मिठाइयों एवं मावे को नष्ट कराया।
मामले में एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की ओर से अन्य विधिक कार्रवाई अलग से की जा रही है।
उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई उपजिलाधिकारी बाजपुर ऋचा सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, सतपाल बाबू, राजस्व उप निरीक्षक आकाश सैनी सहित खाद्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



