
चंपावत। प्रसिद्ध बाराही धाम देवीधुरा बग्वाल मेले के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत खाका तैयार कर लिया है। 23 अगस्त से शुरू होने वाले 13 दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी रहेगी। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिस जवान भी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगी।
श्रद्धालुओं को मेहमान की तरह मिलेगी सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को मेहमान की तरह सम्मान और सुरक्षा प्रदान की जाएगी। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सड़क मार्गों के साथ-साथ पैदल रास्तों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
उन्होंने बताया कि पूरे मेले को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। मंदिर परिसर और मुख्य बाजार को अति संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बाजार क्षेत्र में यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
CCTV और चेकिंग से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
पूरे मेला क्षेत्र को CCTV कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। इसके अलावा एंटी-सबोटाज चेकिंग, वाहन चेकिंग और फ्रिस्किंग की व्यवस्था भी की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
मेले में बाहर से आने वाले व्यापारियों का सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए करीब आधा दर्जन स्थानों के अलावा सड़क के ऊपर और नीचे उपलब्ध स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भीड़भाड़ वाले प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहेगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी के जवानों की पर्याप्त तैनाती की गई है।
वर्दी कम दिखेगी, लेकिन निगरानी हर जगह रहेगी
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं को भले ही खाकी वर्दी में पुलिसकर्मी कम नजर आएं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस की निगाह चप्पे-चप्पे पर बनी रहेगी।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक और विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों और जवानों से श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद मेले का अनुभव उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है।



