
नंदानगर (चमोली)। कुरूड-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़, निवासी कुरूड गांव, की मौके पर ही मौत हो गई।
रातभर जवान की तलाश में भटकते रहे परिजन
हादसे के बाद संदीप के परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे। अंधेरा होने के साथ लगातार हो रही बारिश के कारण दुर्घटना का पता नहीं चल सका। परिजनों को उम्मीद थी कि संदीप कहीं सुरक्षित होंगे, लेकिन सुबह हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
गहरी खाई से बरामद हुआ जवान का शव
चंचोली गधेरे के पास कार के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद खाई से जवान संदीप गौड़ का शव बरामद किया गया।
गांव में पसरा मातम
संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में सेवाएं दे रहे थे। जवान की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।


