
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। ऑनलाइन मानचित्र पत्रावलियों, तकनीकी खामियों, डाटा सुरक्षा और वित्तीय मॉड्यूल की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और लंबित पत्रावलियों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
399 पत्रावलियां Auto Reject और Deemed Approved
बैठक में सामने आया कि निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद तकनीकी त्रुटि के कारण 399 ऑनलाइन मानचित्र पत्रावलियां Auto Reject अथवा Deemed Approved हो गई थीं। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इन पत्रावलियों को वर्तमान स्थिति में निरस्त कर संबंधित आवेदकों से दोबारा Resubmit कराया जाए। इसके बाद प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार ऑनलाइन कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डुप्लीकेट पत्रावलियों की समस्या का होगा स्थायी समाधान
ऑनलाइन प्रणाली में एक ही आवेदन के सापेक्ष डुप्लीकेट पत्रावलियां तैयार होने की समस्या पर भी बैठक में चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने प्रभावित फाइलों को शीघ्र Rectify करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया, जिससे भविष्य में एक आवेदन के लिए दोहरी पत्रावली तैयार न हो।
Pop-up और Alert से मिलेगी समय-सीमा की जानकारी
मानचित्र पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण के लिए ऑनलाइन सिस्टम में Pop-up, Notification और Alert की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके माध्यम से अधिकारियों को समय-सीमा समाप्त होने से पहले लंबित पत्रावलियों की जानकारी मिल सकेगी। इससे Auto Reject अथवा Deemed Approved की स्थिति को रोकने में मदद मिलेगी और आवेदनों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
डाटा सुरक्षा के लिए Dedicated Server
डिजिटल डाटा की सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं। एमडीडीए का Dedicated Server विकसित करने के साथ ही सुरक्षित बैकअप व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा AI आधारित एप्लिकेशन/सिस्टम विकसित करने की दिशा में भी कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रस्तावित व्यवस्था में प्राधिकरण से संबंधित डाटा और अभिलेख एकीकृत रूप से उपलब्ध होंगे। इससे एक ही सर्च के माध्यम से आवश्यक जानकारी को शीघ्र प्राप्त किया जा सकेगा।
वित्तीय मॉड्यूल में उसी दिन होगा Reconciliation
Finance Module की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन की वित्तीय प्रविष्टियों और संबंधित पत्रावलियों का उसी दिन Reconciliation किया जाए। किसी भी वित्तीय प्रकरण को अगले दिन तक लंबित नहीं रखा जाए। इसके साथ ही लंबित Balance Sheets को प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी खामी से आवेदकों को नहीं होनी चाहिए परेशानी
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना एमडीडीए की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी खामी के कारण किसी भी आवेदक को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि डुप्लीकेट फाइलों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा और समय-सीमा समाप्त होने से पहले अधिकारियों को अलर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
डाटा सुरक्षा और वित्तीय पारदर्शिता पर भी फोकस
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र प्रणाली की तकनीकी कमियों को चिन्हित कर उनके समाधान की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पत्रावलियों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि डाटा सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाया जा सके।



