
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन स्नैचिंग के मामले में वांछित चल रहे बदमाश आकाश उर्फ ‘तमंचा’ को दून पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को देर रात हरबंसवाला बैरियर के पास चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया गया था। इस दौरान वह बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से पुलिस को चकमा देकर टी-स्टेट की ओर फरार हो गया।
पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चैन स्नैचिंग के मामले में था आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में आरोपी है। पुलिस ने उसके कब्जे से कथित तौर पर लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज बताया गया है।
तमंचा, कारतूस और चोरी की स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी। अब पुलिस स्कूटी चोरी के मामले की भी जांच कर रही है।
FSL टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
मुठभेड़ की सूचना के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इसके साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी के उपचार और मामले से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाईं।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ ‘तमंचा’ पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास, मुठभेड़ की परिस्थितियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।



