
देहरादून। चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर रवाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों और राहत-बचाव एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
धामी ने अधिकारियों से कहा कि बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी जरूरी संसाधन मौके पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में सीएम
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और टनल में हुए घटनाक्रम की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है।
उन्होंने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही, राहत एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनल में फंसे सभी लोगों के सकुशल होने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जरूरत के अनुसार हर संभव कदम उठाया जा रहा है और बचाव अभियान में किसी भी संसाधन की कमी नहीं होने दी जाएगी।


