
देहरादून। प्रेमनगर और गढ़ी कैंट क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को छावनी परिषद प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में बदहाल सड़कों, जलभराव, खराब नालियों, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर नाराजगी जताई।
वर्षों से समस्याओं से जूझ रही जनता
डॉ. गोगी ने कहा कि प्रेमनगर और गढ़ी कैंट क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव, जाम नालियों और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, इन कारणों से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
मिनी स्टेडियम और स्मार्ट टॉयलेट का संचालन शुरू न होने पर सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दशहरा ग्राउंड स्थित मिनी स्टेडियम का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं किया गया है। इसी तरह प्रेमनगर त्यागी मार्केट में तैयार स्मार्ट टॉयलेट भी जनता के उपयोग के लिए शुरू नहीं किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई हिस्सों में सड़कें बदहाल हैं और स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। वहीं, सफाई व्यवस्था और फॉगिंग भी पर्याप्त नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने रखीं कई मांगें
महानगर कांग्रेस ने छावनी परिषद प्रशासन से क्षेत्र के नालों की विशेष सफाई कराने और नियमित फॉगिंग के साथ एंटी-लार्वा अभियान चलाने की मांग की। इसके अलावा खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत, खतरनाक पेड़ों की लॉपिंग, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी उठाई गई।
डॉ. गोगी ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस अपने आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, पार्षद शुष्यंत वोहरा, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, मोहित ग्रोवर, सुमित खन्ना, अनिल मोटा भाई, अभिनव थापर, अनिल बस्नेत, राजेश पुंढिर, अल्ताफ भाई, राहुल तलवार, सुनील, कुलदीप नरूला, रवींद्र रैना, ललित बद्री, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, दीपक मधवाल, राजेंद्र धवन, पल्ली भाई, भगवान सिंह और वीरेंद्र पंवार समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


