
चम्पावत। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के समीप मंगलवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
पुलिस-एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
पुलिस कंट्रोल रूम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और 108 सेवा को तत्काल सक्रिय कर दिया। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
रेस्क्यू के बाद चारों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
रेस्क्यू टीम की तत्परता की डीएम ने की सराहना
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह और अमित मिश्रा के साथ होमगार्ड के दीपक, कमल कुमार और नीरज सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके अलावा पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग किया। जिलाधिकारी ने रेस्क्यू टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
अधिकारियों ने मौके पर संभाली स्थिति
घटनास्थल पर एसडीएम बीसी पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना से संबंधित स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



