उत्तराखंडराज्य

सीएम धामी से मिले विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल, मांगों पर कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडलों ने अपने-अपने विभागों और संवर्गों से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मांग का नियमानुसार परीक्षण कराकर उचित कार्रवाई और समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिक्षा अधिकारी प्रशासनिक संवर्ग ने पदोन्नति की मांग उठाई

शिक्षा अधिकारी प्रशासनिक संवर्ग एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गोविंद राम जायसवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक और खंड शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पदों पर विभागीय पदोन्नति की मांग रखी।

इसके साथ ही परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद कार्मिकों के स्वतः स्थायीकरण की व्यवस्था लागू करने का अनुरोध भी किया गया।

जल संस्थान के राजकीयकरण की मांग

उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, जल संस्थान ने जल संस्थान के राजकीयकरण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

वहीं, उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक कार्मिकों के रिक्त पदों को भरने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षण कार्मिकों के पदों के पुनर्गठन तथा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रयोगशाला सहायकों को अन्य विश्वविद्यालयों के समान वेतनमान देने का भी अनुरोध किया।

शिक्षकों ने पुरानी पेंशन और टीईटी में छूट की मांग रखी

उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने 25 अक्टूबर 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की। इसके अलावा वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी में छूट देने का भी अनुरोध किया गया।

स्वास्थ्य, निगम और अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी रखीं मांगें

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड एएनएम संवर्ग संगठन, लैब टेक्निशियन संगठन, राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ, माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ, अंशकालिक शिक्षक संघ और उत्तराखंड राज्य आबकारी निरीक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने भी अपनी-अपनी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

सीएम ने प्रमुख सचिव को दिए कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रमुख सचिव आरके सुधांशु को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी संगठनों की मांगों और समस्याओं का संबंधित विभागों से नियमानुसार परीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षण के बाद उचित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जेसी काण्डपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button