उत्तराखंडराज्य

देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर भीषण हादसा, खाई में गिरी बोलेरो; 5 की मौत, मासूम घायल

देवप्रयाग/पौड़ी। देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर आगे कुंडाधार के पास एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि बोलेरो में लक्सर के जीतपुर रायपुर निवासी एक परिवार के कुल छह लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ देवप्रयाग (पौड़ी) पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों और पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान गंभीर रूप से घायल मासूम अरमान को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागी (देवप्रयाग) भेजा गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

एसडीआरएफ ने खाई से निकाले पांच शव

हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने खाई में उतरकर व्यापक रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान वाहन के पास पांच अन्य लोग मृत अवस्था में मिले। एसडीआरएफ जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर

इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से परिजनों और स्थानीय लोगों में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button