
देहरादून। चेहलुम के जुलूस को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 4 अगस्त को दोपहर 2 बजे से प्रभावी होगी। जुलूस के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में यातायात को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
सार्वजनिक परिवहन और व्यावसायिक वाहनों के लिए डायवर्जन
पुलिस के अनुसार 3, 5, 8 और 2 नंबर रूट पर संचालित होने वाले विक्रम, सिटी बसों समेत अन्य व्यावसायिक वाहनों को निर्धारित स्थानों से वापस भेजा जाएगा। इन वाहनों को रेसकोर्स चौक, रेलवे गेट, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और बिंदाल पुल से डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा प्रेमनगर और कैंट क्षेत्र से आने वाले विक्रम वाहनों का रूट भी बिंदाल पुल से परिवर्तित रहेगा।
जुलूस के मार्गों पर अस्थायी यातायात रोक
चेहलुम का जुलूस करनपुर से शुरू होकर सर्वे चौक, रोजगार तिराहा, लैन्सडाउन चौक, दर्शनलाल चौक और तहसील चौक होते हुए आगे बढ़ेगा। इस दौरान इन मार्गों पर यातायात को कुछ समय के लिए रोका जा सकता है या वैकल्पिक रास्तों की ओर भेजा जाएगा।
प्रमुख चौराहों पर भी लागू रहेगा डायवर्जन
पुलिस ने बताया कि कनक चौक, पैसिफिक तिराहा, बुद्धा चौक, ओरिएंट चौक, घंटाघर, दून चौक और प्रिंस चौक जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
जुलूस निकलने के बाद सामान्य कर दिया जाएगा यातायात
देहरादून पुलिस के अनुसार जुलूस जिस-जिस मार्ग से आगे बढ़ता जाएगा और वहां की स्थिति सामान्य होगी, उन रास्तों पर यातायात व्यवस्था तुरंत बहाल कर दी जाएगी।
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
देहरादून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मंगलवार को दोपहर 2 बजे के बाद शहर में निकलने से पहले जारी ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें। लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।



