
देहरादून। प्रदेशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुधवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि जनभागीदारी और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने राज्य एवं जिला स्तर पर विविध कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए।
खेल, साहसिक गतिविधियों और सामाजिक अभियानों पर रहेगा जोर
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेशभर में खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल रैली, बाइक रैली और कार रैली आयोजित की जाएं।
इसके साथ ही जल संरक्षण, जल संवर्द्धन और व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बलों और एनसीसी बैंड द्वारा संगीतमय कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 अगस्त को सुबह 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि अन्य जनपदों में जिलाधिकारी कार्यालयों पर सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। देहरादून के सभी सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
देशभक्ति कार्यक्रमों से गूंजेंगे प्रमुख स्थल
महानिदेशक सूचना ने बताया कि 14 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक और 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में होंगे विविध आयोजन
सभी शिक्षण संस्थानों में 15 अगस्त की सुबह 7 बजे प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, विभिन्न विभागों के सचिव, जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



