उत्तराखंडराज्य

कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस की ब्रीफिंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर

ऋषिकेश। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने सोमवार को ऋषिकेश में पुलिस बल की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग की।

इस दौरान देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में आईजी गढ़वाल, डीआईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था, एसएसपी देहरादून, एसएसपी पौड़ी और एसएसपी टिहरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं से सौहार्दपूर्ण व्यवहार और सहायता के निर्देश

एडीजी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट की पूरी जानकारी रखें और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिसकर्मी हर समय सतर्क रहें और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता करें।

उन्होंने कहा कि भारी भीड़ को देखते हुए वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित स्थलों पर ही कराई जाए। साथ ही पार्किंग क्षेत्रों में पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अस्थायी दुकानों और बाहरी व्यापारियों का होगा सत्यापन

ब्रीफिंग के दौरान कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी व्यापारियों के सत्यापन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी छोटे विवाद को समय रहते शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए कहा गया।

तीनों जिलों के बीच बेहतर तालमेल से होगा भीड़ प्रबंधन

एडीजी ने देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों के पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

उन्होंने नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की स्थिति में पहले से तैयार डायवर्जन प्लान को तत्काल लागू करने के निर्देश भी दिए।

मौसम और सोशल मीडिया को लेकर सतर्क रहने के निर्देश

बरसात के मौसम को देखते हुए पुलिसकर्मियों को छाता और बरसाती साथ रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली पोस्टों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एडीजी ने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।

सेक्टर अधिकारियों को दिए विशेष निर्देश

एडीजी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी स्थल की विस्तृत जानकारी देने और उन्हें जिम्मेदारियों से अवगत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद, घटना या आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए और मौके पर ही उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कांवड़ मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button