उत्तराखंडराज्य

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ

देहरादून। उत्तराखंड को नई रेल सुविधा की सौगात देते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ किया। इसके साथ ही इस नई रेल सेवा का नियमित संचालन शुरू हो गया।

सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह ट्रेन रामनगर से चलकर काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी।

कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बनेगी विकास की नई कड़ी: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस केवल एक नई रेल सेवा नहीं है, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क, विकास और नए अवसरों की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।

उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रहा रेल नेटवर्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अपने अंतिम चरण में है। वहीं वर्ष 2026-27 में प्रदेश को रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिससे आने वाले समय में प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

यात्रियों की संख्या बढ़ने पर प्रतिदिन चलेगी ट्रेन: रेल मंत्री

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने पर भविष्य में इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जा सकता है। रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई और विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पाण्डेय सहित रेलवे के अधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button