
देहरादून। देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर उठ रही पर्यावरणीय चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए परियोजना के तहत होने वाली पेड़ों की कटाई पर फिलहाल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक सभी संबंधित पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण तैयार नहीं हो जाता, तब तक पेड़ों का कटान स्थगित रहेगा।
सभी पक्षों से संवाद के बाद ही आगे बढ़ेगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की यह परियोजना उच्च न्यायालय के निर्देशों के साथ-साथ सभी आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों के तहत संचालित की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि परियोजना को लेकर नागरिकों, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों और स्थानीय निवासियों द्वारा उठाई गई चिंताओं को सरकार ने गंभीरता से लिया है। प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ दोबारा विस्तृत चर्चा की जाए।
वन्यजीव संरक्षण के लिए किए गए हैं विशेष प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण, जनभावनाओं और स्थानीय हितों का संतुलन बनाए रखना भी सरकार की प्राथमिकता है।
जनहित और सहमति के आधार पर लिया जाएगा निर्णय
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूरा सम्मान किया जाएगा। सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए ही परियोजना से जुड़े आगे के निर्णय लेगी।



