उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भारी वर्षा की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं।

18 से 22 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की संभावना को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई को नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट तथा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी रहेगा।

20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा।

21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां बढ़ाईं

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों में जिला आपदा परिचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि भूस्खलन संभावित मार्गों पर आवश्यक मशीनरी तैनात रखने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील

आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा शुरू करने से पहले मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है। साथ ही भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गदेरे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 112, 1070 और 1077 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button