उत्तराखंडराज्य

लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना 55वें दिन भी जारी, मांगों के समाधान के लिए किया यज्ञ-हवन

देहरादून। मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ उत्तराखंड के बैनर तले एकता विहार स्थित धरना स्थल पर बेरोजगार डिग्रीधारक लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना 55वें दिन भी जारी रहा। अपनी चार सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ, हवन और पूजन किया।

26 वर्षों से उपेक्षा का आरोप

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि डिग्रीधारक लैब तकनीशियन पिछले 26 वर्षों से लगातार उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात का समय मांगा गया था, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री से वार्ता नहीं हो सकी है।

पदाधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान अधिकारियों द्वारा उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी कोई ठोस पहल नहीं की गई।

आश्वासनों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी

आंदोलनकारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी चार सूत्रीय मांगों पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने धरना स्थल पर यज्ञ-हवन कर सरकार से जनहित में सकारात्मक कदम उठाने की प्रार्थना की।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।

संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद

यज्ञ-हवन कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष आशीष खाली, महासचिव मयंक राणा, उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट सहित बड़ी संख्या में बेरोजगार डिग्रीधारक लैब तकनीशियन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button