
देहरादून/अल्मोड़ा। भारतीय सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा ने भर्ती वर्ष 2027 के अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना जारी की है। सेना भर्ती के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
25 जुलाई से 7 अगस्त तक रानीखेत में होगी शारीरिक परीक्षा
भर्ती कार्यालय के अनुसार उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के केंद्रीय श्रेणी के अभ्यर्थियों, जिनमें रिलिजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और हवलदार सर्वेयर ऑटो शामिल हैं, के साथ ही जोनल श्रेणी के सिपाही फार्मा और नर्सिंग असिस्टेंट के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PFT) 25 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित की जाएगी।
इसी अवधि में उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अग्निवीर अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा के साथ दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।
केंद्रीय और अग्निवीर श्रेणी के लिए अलग-अलग तिथियां
भर्ती कार्यालय ने बताया कि परीक्षा के पहले दो दिन केंद्रीय एवं जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद शेष दिनों में अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी।
रैली में ये दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
अभ्यर्थियों को रैली में सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन स्वप्रमाणित प्रतियां तथा तीन महीने से अधिक पुराने न होने वाले 20 पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।
इसके अलावा प्रवेश के समय रैली एडमिट कार्ड, आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, अविवाहित प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र तथा पिछले एक वर्ष के भीतर जारी ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा।
फर्जी दस्तावेज मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि अग्निवीर श्रेणी के कुमाऊँनी जाति के अभ्यर्थियों के जाति प्रमाणपत्र में संबंधित जाति का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। यदि कोई अभ्यर्थी फर्जी या कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत करता है तो उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी और उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी।
भर्ती अधिसूचना ध्यान से पढ़ने की अपील
सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से भर्ती अधिसूचना का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने तथा शारीरिक परीक्षा की तैयारी निरंतर जारी रखने की अपील की है। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा के मोबाइल नंबर 9458168520 या लैंडलाइन नंबर 05962-297192 एवं 05962-298449 पर संपर्क कर सकते हैं।



