उत्तराखंडराज्य

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 धावकों ने दिखाई दमखम

चमोली जिले की खूबसूरत और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का शानदार शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से आयोजित इस विशेष आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय कार्यक्रम सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को नई पहचान देने और युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

काबीना मंत्री ने किया फ्लैग ऑफ

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के काबीना मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

मंत्री ने कहा कि सीमांत गांवों में इस प्रकार की साहसिक और खेल गतिविधियों के आयोजन से पर्यटन को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सीमावर्ती गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है।

अल्ट्रा रन में धावकों ने दिखाई शानदार क्षमता

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी मार्ग पर आयोजित 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 117 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, मलारी-नीति-मलारी के बीच आयोजित 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता में 118 धावकों ने अपनी सहनशक्ति और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

आगामी दिनों में होंगी कई रोमांचक प्रतियोगिताएं

आयोजन के आगामी चरणों में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा समापन समारोह के दौरान गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर की माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) चैलेंज प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां

आयोजन से पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं से सजे इस आयोजन में प्रतिभागियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, गृह सचिव शैलेश बगोली, पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेना और आईटीबीपी के जवान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button