
रुद्रपुर। आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने क्षेत्र-03 काशीपुर में बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने वाले अड्डों को नष्ट किया गया।
रम्पुरा गांव में तीन भट्टियां ध्वस्त, हजारों किलो लहन नष्ट
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम रम्पुरा में छापेमारी कर नाले और खेतों में संचालित अवैध शराब निर्माण की तीन भट्टियों को मौके पर नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान करीब 15 हजार किलोग्राम लहन भी नष्ट किया गया। तलाशी के दौरान टीम ने लगभग 130 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में चार अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
ढकिया गुलाबो और गिन्नी खेड़ा में भी कार्रवाई
इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने ढकिया गुलाबो और गिन्नी खेड़ा क्षेत्रों में भी दबिश दी। इस दौरान दोनों स्थानों से करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
आबकारी टीम ने चलाया अभियान
पूरी कार्रवाई क्षेत्र-03 काशीपुर के आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश चंद्र भट्ट, आबकारी सिपाही कृष्ण चंद्र आर्या, सुनीता रानी, सुमन आर्या, नैनिका राणा और अंजली गोसाईं सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



