
देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के बाद से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगातार चारों धामों में पहुंच रही है। आस्था और श्रद्धा के इस महाकुंभ में अब तक लगभग 20 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
34 दिनों में 19.80 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
यात्रा के शुरुआती 34 दिनों में कुल 19,80,437 श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां अब तक 7,82,136 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए।
इसके अलावा बद्रीनाथ धाम में 5,24,218, गंगोत्री धाम में 3,34,265 और यमुनोत्री धाम में 3,39,818 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
एक दिन में बना नया रिकॉर्ड
22 मई, शुक्रवार को चारधाम यात्रा में एक ही दिन में 89,079 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड कायम किया। इस दिन सबसे अधिक 30,218 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे।
वहीं बद्रीनाथ धाम में 27,992, यमुनोत्री धाम में 16,201 और गंगोत्री धाम में 14,668 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
सरकार और प्रशासन अलर्ट मोड पर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मौसम और आपदा प्रबंधन पर विशेष नजर
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित होने वाली इस यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को भी पूरी तरह सतर्क रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने या किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
आस्था के केंद्र के रूप में मजबूत हो रहा उत्तराखंड
चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या यह साबित करती है कि देश-विदेश के लोगों का उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक स्थलों पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। राज्य एक बार फिर वैश्विक आस्था केंद्र के रूप में नई पहचान बना रहा है।



