उत्तराखंडराज्य

दून में 50 वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप शुरू

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में 50वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 10 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें देश के 28 राज्यों से आई 54 टीमों के एक हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पहली बार देवभूमि उत्तराखंड में सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है, जो राज्य के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह चरित्र निर्माण, धैर्य, अनुशासन और टीम भावना सिखाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश में खेलों को लेकर नई चेतना और ऊर्जा आई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड खेलभूमि के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है। साथ ही, आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों के तहत स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू किया जा रहा है। हल्द्वानी में पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, खेल किट, राज्य स्तरीय पुरस्कार और 4 प्रतिशत खेल कोटा जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। हाल ही में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि देहरादून में बास्केटबॉल प्रशिक्षण अकादमी के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी और हल्द्वानी में निर्माणाधीन खेल विश्वविद्यालय के पास भी बास्केटबॉल प्रशिक्षण अकादमी स्थापित की जाएगी। उन्होंने खेल विभाग को बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा देने और अन्य खेलों की तरह नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव कुलविंदर सिंह गिल, उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आदित्य चौहान आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button