उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना से जुड़ी 300 महिलाओं ने दी आत्मनिर्भरता की मिसाल

ग्रामीण महिलाओं ने बनाई 1 लाख से अधिक एलईडी लाइटें

देहरादून। देहरादून के रायपुर ब्लॉक की ग्रामीण महिलाओं ने मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अंतर्गत दीपावली से पहले आत्मनिर्भरता की एक नई मिसाल पेश की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से इन महिलाओं ने 1 लाख से अधिक एलईडी लाइट पैकेट तैयार कर बाजार में उचित मूल्य पर बेचे हैं।

प्रत्येक एलईडी लाइट पैकेट से महिलाएं 100 से 150 रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इस परियोजना से 300 महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिला है। महिलाओं ने 1 लाख 20 हजार पैकेट का लक्ष्य रखा था, जिसमें 12 फीट की 10-10 लड़ियों वाले पैकेट शामिल हैं।

एनआरएलएम की ओर से महिलाओं को 12 लाख रुपये का कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (सीआईएफ) 6% ब्याज दर पर और 5 लाख रुपये का ब्याजमुक्त कोऑपरेटिव लोन प्रदान किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत रायपुर ब्लॉक के वाइब्रेंट ग्रोथ सेंटर में महिलाओं द्वारा एलईडी लाइटें तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर इनके उत्पादों की बिक्री हेतु स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिससे इन्हें अच्छा बाजार और आय दोनों मिल सके।

दिव्य ज्योति स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष ममता कोठियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का वास्तविक अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि समूह की महिलाएं अब चाइनीज़ उत्पादों के बजाय ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को अपनाते हुए अपने उत्पादों को बाजार में सफलतापूर्वक बेच रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button