उत्तराखंडराज्य

चम्पावत में 24 नए आंगनबाड़ी केंद्रों को मंजूरी, मातृ-शिशु सेवाओं में आएगा बड़ा सुधार

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में महिला एवं बाल विकास सेवाओं के विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जनपद में कुल 24 नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह पहल पर्वतीय, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाओं की सुगम पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद में आंगनबाड़ी सेवाओं का संरचनात्मक विस्तार योजनाबद्ध ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक एवं सुसज्जित आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण स्तर पर मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण संवर्धन और बाल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की आधारशिला हैं। नए केंद्रों की स्थापना से ग्रामीण परिवारों को बुनियादी सेवाएँ उनके निकट उपलब्ध होंगी।

खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी ने बताया कि इन नए केंद्रों के निर्माण और संचालन से गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों तथा बच्चों को समयबद्ध तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के लिए यह सेवा विस्तार अत्यंत महत्वपूर्ण है।
धौनरोत, बैला मिनी, खुनाडी, उदाली, बयाला, कठोती, बमन सूखीढांग, पुनेठी, खेतखेड़ा, पल्सों, चूका, नगरगांव, पतलीखेत, कठाड, चौडासेठी, खटोली तल्ली स्वाला, ग्वानी, बिरगोला, चौड़ाकोट धूरा, सायली, तिलौन, कैन्यूडा पानी, लमकनिया एवं आमबाग में नयी आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएंगे।

इन क्षेत्रों में स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्रों की मांग कर रहे थे, ताकि महिलाओं एवं बच्चों को पोषाहार, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, निःशुल्क पोषण आहार और प्री-स्कूल शिक्षा जैसी जरूरी सेवाएँ आसानी से मिल सकें।
नए आंगनबाड़ी केंद्रों से
गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं बच्चों को निःशुल्क पोषाहार और नियमित स्वास्थ्य जांच
गांव स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से बच्चों के पूर्ण टीकाकरण में वृद्धि,3–6 वर्ष के बच्चों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल प्रारंभिक शिक्षा वातावरण,मातृ-शिशु कल्याण, पोषण जागरूकता व स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी जानकारी सरलता से उपलब्ध,ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक बैठकें, स्वास्थ्य शिविर व पोषण पखवाड़ा का अधिक प्रभावी आयोजन होगा।
बीडीओ अशोक अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच और जनपद के विकास के प्रति संवेदनशीलता का परिणाम है कि चम्पावत में आंगनबाड़ी सेवाओं के इतने बड़े विस्तार को मंजूरी मिली है। इससे महिला एवं बाल विकास के सूचकांकों में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खेल सामग्री, प्री-स्कूल शिक्षा किट, पोषण कक्ष, प्रसूता परामर्श कक्ष, जल एवं स्वच्छता सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, जिससे ग्रामीण महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित, विश्वसनीय और संगठित संस्थागत सेवाएँ मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल वर्तमान ही नहीं, आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य एवं विकास को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button