उत्तराखंडराज्य

जनता मिलन में सुनी गईं 106 समस्याएं, 15 दिन में निस्तारण के निर्देश

चमोली। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और आमजन की 106 समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं।

आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं है, उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वास्तविक शिकायतों को अधिकतम 15 दिन के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

गांवों में जाकर समस्याओं की वास्तविकता जांचें अधिकारी

आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालय में बैठकर नहीं किया जा सकता। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड विजिट बढ़ाने के साथ शिकायत वाले स्थान पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को सुनना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना भी है।

विवाह सहायता योजना के लंबित मामले में कार्रवाई के निर्देश

जनता मिलन में ग्राम जस्यारा निवासी सोवती देवी ने विवाह सहायता योजना से संबंधित लंबित प्रकरण की शिकायत रखी। इस पर आयुक्त ने श्रम अधिकारी को मामले की जांच कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने और नियमानुसार अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की शिकायत पर जांच के निर्देश

जस्यारा निवासी रणजीत लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आपत्ति से संबंधित शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि वे पैर की बीमारी का उपचार करा रहे हैं और आयुर्वेदिक अस्पताल में उपचार के बावजूद अपेक्षित लाभ नहीं मिला।

इस पर आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को कलेक्ट्रेट में एंबुलेंस बुलाकर शिकायतकर्ता को जिला अस्पताल पहुंचाने और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत पर उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को जांच कर पात्रता का परीक्षण करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश

आयुक्त ने निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रमों के साथ स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएं। इससे अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को शिकायतों के समाधान के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

अतिक्रमण और कृषि लीज से जुड़े मामले में पैमाइश के निर्देश

नैग्वाड़, गोपेश्वर निवासी सच्चिदानंद तिवाड़ी ने अवैध अतिक्रमण हटाने और कृषि लीज पट्टा भूमि से संबंधित शिकायत रखी। आयुक्त ने उपजिलाधिकारी को भूमि की पैमाइश कराने तथा तहसीलदार को पट्टे की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, सुशीला देवी ने अपने पुत्र से संबंधित जल मित्र के मामले को लेकर शिकायत रखी। आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने के निर्देश

कुजौ मैकोट निवासी अजय भंडारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। आयुक्त ने मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्व भू-स्वामी का आधार कार्ड उपलब्ध होने की स्थिति में नियमानुसार जांच की जाए और पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

भरण-पोषण और आवास की समस्या पर भी हुई सुनवाई

देवर खडोरा निवासी विजया देवी ने पति द्वारा भरण-पोषण भत्ता नहीं दिए जाने और आवास की समस्या से अवगत कराया। आयुक्त ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराने और न्यायालय में याचिका दायर कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और समाज कल्याण अधिकारी को नियमानुसार पेंशन स्वीकृत करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान संगठन ने उठाईं मनरेगा भुगतान की समस्याएं

ग्राम प्रधान संगठन की ओर से मनरेगा भुगतान, विलेज डेवलपमेंट प्लान सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दूषित पानी और नाली की समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश

सुभाष नगर निवासी अनुसूया प्रसाद ने नाली से दूषित पानी की समस्या रखी। आयुक्त ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता और संबंधित अधिशासी अधिकारी को मौके पर सर्वे कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उस्तोली निवासी यदुवीर सिंह रावत ने पंचायत भवन से संबंधित समस्या रखी, जिस पर आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

भू-धंसाव की समस्या पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

ब्रह्मसैण निवासी उषा देवी ने भू-धंसाव रोकने के संबंध में शिकायत रखी। आयुक्त ने इस मामले में लोक निर्माण विभाग से जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया गया है।

आयुक्त ने कहा कि यदि प्रस्ताव उनके स्तर से स्वीकृत किया जाना है तो आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव प्राप्त होने पर धनराशि की स्वीकृति तत्काल प्रदान की जाएगी।

शिकायतों को पत्राचार तक सीमित न रखें अधिकारी

जनता मिलन में सरपंच ग्राम सभा विनोद सिंह सहित सत्येंद्र रावत, दशरथ सिंह बिष्ट, हीमा नेगी, रामी देवी, रघुवीर सिंह बिष्ट, सुरेशी देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों को केवल पत्राचार तक सीमित न रखा जाए। अधिकारी मौके पर जाकर समस्या की वास्तविकता की जांच करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में फील्ड विजिट बढ़ाए और ग्रामीणों से सीधा संवाद करे, ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप वन संरक्षक बद्रीनाथ प्रणाली रमेश, उप वन संरक्षक केदारनाथ रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौड़ियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button