लखनऊ : वरुण विहार और नैमिष नगर में 10 लाख लोगों को मिलेगा आशियाना, सीएम योगी ने किया भूमिपूजन

लखनऊ को 2 आवासीय और 5 अपार्टमेंट प्रोजेक्ट की सौगात मिली है। आवासीय योजनाएं वरुण विहार और नैमिष नगर में हैं, जहां प्लॉट मिलेंगे। ये दोनों योजनाएं 10,680 एकड़ में विकसित की जा रही हैं। गुरुवार को सीएम योगी ने इन योजनाओं की नींव रखी। इसी के साथ इन दोनों योजनाओं के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गए।
वरुण विहार योजना काकोरी में आगरा एक्सप्रेस-वे के पास और नैमिष नगर सीतापुर रोड-आईआईएम रोड इलाके में डेवलप की जा रही है। नैमिष नगर के लिए बीकेटी तहसील के 18 गांवों में जमीन अधिग्रहण किया गया है। ये दोनों योजनाएं 12 हजार करोड़ रुपए से विकसित की जा रही हैं। इनमें प्लॉट के रेट 2800 रुपए से 3800 रुपए तक प्रति वर्गफीट निर्धारित किए गए हैं।
सीएम योगी ने स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) की बात दोहराई। कहा- 6500 एकड़ से ज्यादा में वरुण विहार योजना और 4100 एकड़ में नैमिषनगर विकसित किया जा रहा है। ये योजनाएं केवल लखनऊ का विकास नहीं हैं। ये SCR के इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी आगे बढ़ाएंगी। बताया-
लखनऊ के साथ हरदोई, उन्नाव, सीतापुर, रायबरेली, बाराबंकी को जोड़कर SCR बनाया जा रहा है। स्टेट कैपिटल रीजन में व्यवस्थित तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में SCR अपने आईटी सेक्टर और इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जाएगा।
शहर की सबसे ऊंची इमारत का शिलान्यास
इन योजनाओं के साथ जिन 5 आवासीय अपार्टमेंट प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया, उनकी लागत 2166 करोड़ रुपए है। शिलान्यास के साथ बसंतकुंज में पार्क व्यू, गोमतीनगर में लेक व्यू, शारदानगर विस्तार में वागेश्वरी, अनंतनगर में अदिति और ऐशबाग में ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट का काम शुरू हो गया। ऐशबाग स्क्वॉयर 27 मंजिला होगा। यह शहर की सबसे ऊंची इमारत होगी। इसमें 4 टॉवर और 384 फ्लैट होंगे।




