उत्तराखंडराज्य

WINGS INDIA 2026 में उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि

देहरादून। हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट में 29 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित देश के प्रतिष्ठित एविएशन इवेंट “WINGS INDIA 2026” में उत्तराखंड राज्य को “Best State for Promotion of Aviation & Ecosystem” के राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और राज्य सरकार की सशक्त एविएशन नीतियों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह सम्मान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सचिव सचिन कुर्वे, अपर सचिव आशीष चौहान और संजय टोलिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में एविएशन सेक्टर को नई दिशा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए एविएशन सेक्टर का प्रभावी उपयोग किया है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए हेली सेवाओं के विस्तार, नए हेलीपोर्ट और हेलीपैड के विकास तथा यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में हवाई संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल ने उत्तराखंड को एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।

चारधाम यात्रा में हेली सेवाओं से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत

चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग श्रद्धालुओं और सीमित समय में यात्रा करने वालों को सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस पहल की देशभर में सराहना हुई। इसके साथ ही सीमांत और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने, उड़ान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, एयर स्ट्रिप्स के उन्नयन और हेली-टूरिज्म को प्रोत्साहन देने के प्रयासों को भी राष्ट्रीय मंच पर विशेष प्रशंसा मिली।

मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया और भविष्य की प्रतिबद्धता

इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड की जनता, राज्य सरकार की टीम और एविएशन सेक्टर से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और तकनीक-सक्षम बनाने के साथ-साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी एविएशन और हेली-टूरिज्म हब बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह राष्ट्रीय सम्मान उत्तराखंड में पर्यटन, निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास के नए अवसर खोलेगा और राज्य को एविएशन क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button