
उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के सुअवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगल कामना की।
राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को समर्पित 25 वर्ष
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के सर्वांगीण विकास के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को एक नई दिशा और अभूतपूर्व ऊर्जा प्रदान की है।”
विकसित भारत के संकल्प के लिए बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना
मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से यह भी प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत ‘विकसित राष्ट्र’ के अपने संकल्प की ओर निरंतर अग्रसर रहे।
उन्होंने आगे कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की इस पवित्र धारा से प्रधानमंत्री के सफल और दीर्घ सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है।



