उत्तराखंडराज्य

रजत जयंती वर्ष में उत्तराखंड का किसान-उत्तराखंड का गौरव

सम्मेलन का उद्घाटन

पंतनगर। राज्य के रजत जयंती उत्सव के अवसर पर पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में वृहद कृषक सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन का शुभारम्भ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कृषि मंत्री गणेश जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, दुग्ध, मत्स्य और सहकारिता के प्रगतिशील कृषक बन्धुओं व लखपति दीदीयों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेटकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित सभी किसानों को उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों का परिश्रम और त्याग ही हमारी सच्ची पूंजी है। राज्य निर्माण और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने में किसानों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने सम्मेलन को केवल कृषि योजनाओं की चर्चा का मंच नहीं, बल्कि किसानों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के संतुलित विकास के लिए किसानों की समस्याओं का समाधान और उनकी सशक्तिकरण आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारा किसान विकसित हो। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज और परंपराओं की नींव कृषि के इर्द-गिर्द विकसित हुई है और शास्त्रों में भी कृषि को मानव जीवन का आधार माना गया है।

खेती से जुड़ा व्यक्तिगत अनुभव

मुख्यमंत्री ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके लिए खेती देव उपासना के समान है। उनके पिता जवान और किसान दोनों थे। खेती से उन्हें आत्मिक शांति मिलती है और यह उन्हें अपनी जमीन से जोड़े रखती है। यह जुड़ाव उनके कर्म और कर्तव्य का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में किसान सदैव प्राथमिकता रहे हैं।

किसानों के सशक्तिकरण के प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा किसान हितैषी रही है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों का सशक्तिकरण अभूतपूर्व हुआ है। केंद्र सरकार किसानों की दशा सुधारने, कृषि नीतियों को किसान केंद्रित बनाने और बीज से बाजार तक की सुविधा सुनिश्चित करने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से लगभग 11 करोड़ किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिसमें उत्तराखंड के लगभग 9 लाख किसान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना और कृषि उपकरण सब्सिडी जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को व्यापक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा, नहरों से सिंचाई मुफ्त करना और पॉलीहाउस के निर्माण हेतु 200 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराना किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास हैं।

कृषि और बागवानी में विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में गेहूं और गन्ने पर बोनस, वर्षा आधारित खेती के लिए 1,000 करोड़ रुपये की योजना, सेब नीति, कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति जैसी योजनाएँ लागू की गई हैं। किसानों को ग्रेडिंग-सॉर्टिंग यूनिट, पौधशाला स्थापना, संरक्षित खेती और प्रसंस्करण हेतु 50-80% तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बागवानी में उत्पादकता बढ़ी है, मशरूम उत्पादन 500 मैट्रिक टन से बढ़कर 27,390 मैट्रिक टन हो गया है, शहद उत्पादन 3,320 मैट्रिक टन तक पहुंच गया है और चाय उत्पादन भी 196 हेक्टेयर से बढ़कर 1,585 हेक्टेयर हो गया है। टी-टूरिज्म के माध्यम से चाय बागानों से स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिल रहा है।

किसानों और महिलाओं के लिए विशेष प्रयास

मुख्यमंत्री ने किसानों और महिलाओं की समृद्धि पर विशेष जोर दिया। 1.65 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि मिलकर उत्तराखंड को समृद्ध, आत्मनिर्भर और आधुनिक कृषि राज्य बनाएं।

कृषि मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों के विचार

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सभी को रजत जयंती की बधाई दी और पिछले 25 वर्षों में कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में हुए विकास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान कल्याण के लिए ऐतिहासिक प्रयास कर रहे हैं। बागवानी के क्षेत्र में उत्तराखंड अब कश्मीर और हिमाचल के बाद तीसरे स्थान पर है।

क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश प्रगति कर रहा है और किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने औद्योगिक पार्क और सड़कों की मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, बलराज पासी, उत्तम दत्ता, महापौर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button