
देहरादून। वर्ष 2023-24 से 2025-26 (फरवरी 2026 तक) के बीच उत्तराखंड में 18 नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। यह जानकारी रेल मंत्री ने बुधवार को लोकसभा में सांसदों के सवालों के जवाब में साझा की।
रेल मंत्री ने बताया कि राज्य में रेलवे अवसंरचना और सुरक्षा सुधारों के लिए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जहां वर्ष 2009-14 के दौरान औसतन 187 करोड़ रुपये प्रति वर्ष खर्च होते थे, वहीं 2025-26 में यह लगभग 4,641 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो लगभग 25 गुना वृद्धि दर्शाता है।
नई रेल लाइनों और परियोजनाओं का विवरण
राज्य में 216 किलोमीटर लंबाई की 3 नई रेल लाइनों को 40,384 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति मिली है। इनमें से 16 किलोमीटर चालू हो चुकी है और मार्च 2025 तक लगभग 19,898 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली और देहरादून के बीच दूरी में लगभग 40 किलोमीटर की कमी आएगी। यह राज्य की प्रमुख परियोजनाओं में गिनी जाती हैं, जो देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों को जोड़ते हुए देवप्रयाग और कर्णप्रयाग जैसे धार्मिक स्थलों को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ेंगी।
इस परियोजना में कुल 104 किलोमीटर लंबी 16 मुख्य सुरंगें और लगभग 98 किलोमीटर लंबी 12 बचाव सुरंगें प्रस्तावित हैं, जिनमें अधिकांश का निर्माण अंतिम चरण में है।
रेलवे सर्वेक्षण और पुल निर्माण
रेल मंत्रालय के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में 441 किलोमीटर लंबाई के 7 सर्वेक्षण स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 3 नई लाइनें और 4 दोहरीकरण परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा, समपारों के स्थान पर पुलों के निर्माण में तेजी आई है। वर्ष 2004-14 के दौरान 4,148 पुल बनाए गए थे, जबकि 2014-26 (जनवरी 2026 तक) में 14,024 पुल बनाए गए, जिनमें उत्तराखंड के 106 पुल शामिल हैं।
स्टेशन आधुनिकीकरण: “अमृत भारत स्टेशन योजना”
देशभर के 1,338 स्टेशनों के विकास में उत्तराखंड के 11 स्टेशन भी शामिल हैं। इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण और आधुनिक सुविधाओं के लिए कुल 6,895 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिनमें से 6,172 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
नई ट्रेन सेवाओं का परिचालन
नई ट्रेन सेवाओं में प्रमुख हैं:
-
लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस
-
दौराई-टनकपुर एक्सप्रेस
-
हरिद्वार-फिरोजपुर कैंट एक्सप्रेस
रेल मंत्री ने बताया कि नई ट्रेनों का संचालन मार्ग की क्षमता, संसाधनों और परिचालन आवश्यकताओं के आधार पर किया जाता है।
पर्वतीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूती
उत्तराखंड में रेलवे के यह व्यापक विकास कार्य—नई रेल लाइनों, सुरंगों, पुलों, स्टेशन आधुनिकीकरण और नई ट्रेन सेवाओं—विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।



